रायपुर: छत्तीसगढ़ की महिला फुटबॉल टीम ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के पहले संस्करण में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए फाइनल में झारखंड को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। टीम की कप्तान किरण पिस्दा की व्यक्तिगत प्रतिभा इस जीत की सबसे बड़ी वजह रही।
आज यहां मेजबान राज्य ने जगदलपुर में ट्रैक एंड फील्ड प्रतियोगिताओं के अंतिम चरण में पुरुषों की 4 गुणा 400 मीटर रिले में रजत और पुरुषों की 1500 मीटर में कांस्य पदक भी अपने नाम किया। वहीं झारखंड के शिव कुमार सोरेन ने 100 मीटर के बाद 200 मीटर में भी स्वर्ण जीतकर शानदार डबल पूरा किया।
छत्तीसगढ़ की महिला टीम ने आक्रामक झारखंड के खिलाफ मिले एकमात्र मौके का पूरा फायदा उठाया, जब कप्तान किरण पिस्दा ने 61वें मिनट में विपक्षी डिफेंस की गलती का फायदा उठाते हुए गोल दागा। इसके बाद मेजबान टीम ने बढ़त को अंत तक बरकरार रखते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।