नई दिल्ली: आईपी एस्टेट में बनने वाले डीटीसी मुख्यालय की प्रक्रिया दूसरे चरण में पहुंच गई है। अब दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं ढांचागत विकास निगम (डीएसआईआईडीसी) ने आइपी एस्टेट स्थित मौजूदा डीटीसी बस डिपो की जमीन पर नए दिल्ली परिवहन निगम मुख्यालय के निर्माण के लिए निविदा जारी की है। करीब 128.24 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले इस मुख्यालय में दो तहखाने, भूतल और 11 मंजिल होंगी।
नए मुख्यालय के निर्माण में केवल भवन तैयार करने का काम ही शामिल नहीं है, बल्कि परिसर को आधुनिक सुविधाओं से भी लैस किया जाएगा। भवन में बिजली, पानी और स्वच्छता व्यवस्था, आग से बचाव की व्यवस्था, निगरानी कैमरे, प्रवेश नियंत्रण, लिफ्ट, आंतरिक संचार व्यवस्था, वातानुकूलन और भवन प्रबंधन व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे पहले चरण में डीटीसी मुख्यालय स्थानांतरित करने के लिए तीन मंजिला अस्थाई इमारत का शुभारंभ किया जा चुका है।
निविदा में काम पूरा करने के लिए कुल 24 महीने की समय सीमा तय की गई है। इसमें 22 महीने निर्माण कार्य के लिए होंगे, जबकि दो महीने भवन के उपयोग प्रमाण पत्र, काम पूरा होने के बाद के नक्शे और हरित भवन प्रमाणन जैसी औपचारिकताओं के लिए रखे गए हैं।
निविदा में शामिल होने वाले ठेकेदार के लिए पिछले सात वर्षों में इसी तरह के बहुमंजिला सरकारी या सार्वजनिक क्षेत्र के भवन बनाने का अनुभव अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही ठेकेदार के पास निर्धारित निर्माण कारोबार और वित्तीय क्षमता भी होनी चाहिए। भवन और विद्युत कार्यों के लिए तीन वर्ष तथा एलईडी प्रकाश और छत के पंखों के लिए पांच वर्ष की खराबी संबंधी जिम्मेदारी तय की गई है।