दिल्ली-उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

नई दिल्ली: देशभर में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने बताया कि 27 जुलाई से 1 अगस्त के बीच उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण कई राज्यों में तेज बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

इन राज्यों में सबसे ज्यादा बारिश का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं दूसरी तरफ हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 28 से 31 जुलाई के बीच जोरदार बारिश का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में भी मानसून पूरी ताकत के साथ सक्रिय रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है।

पश्चिम बंगाल में बहुत भारी बारिश का अलर्ट

कोलकाता के पश्चिम मेदिनीपुर और झारग्राम में 7 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। वहीं दूसरी तरफ दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पुरुलिया और बांकुड़ा में भी भारी बारिश की संभावना है। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

जानिए दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में 27 जुलाई को आसमान बादलों से ढका रहेगा। हल्की बारिश होने की संभावना है। लेकिन अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मिली जानकारी के अनुसार 28 जुलाई को मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में आकाशीय गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है।

झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी

बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम का असर झारखंड पर भी दिखाई देगा। इतना ही नही बल्कि रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में 27 जुलाई को आकाशीय बिजली के साथ भारी बारिश की भी चेतावनी दी गई है। बता दें कि 28 जुलाई को भी रांची समेत आसपास के कई जिलों में बादलों की गरज और भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

राजस्थान में फिर सक्रिय होगा मानसून

राजस्थान में 27 जुलाई को मौसम में नमी बने रहने की संभावना है, लेकिन दक्षिण और पश्चिमी जिलों में मध्यम बारिश हो सकती है। 28 जुलाई से पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी, जबकि 29 जुलाई से 2 अगस्त के बीच पूरे राज्य में मानसून दोबारा सक्रिय होने का अनुमान है। इस दौरान पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

बिहार के कई जिलों में येलो अलर्ट

एक रिपोर्ट के मुताबिक बिहार के उत्तरी, पश्चिमी और पूर्वोत्तर जिलों के लिए खराब मौसम को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा इन सभी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जबकि पटना, गया, नालंदा, नवादा, जमुई, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय समेत दक्षिणी जिलों में फिलहाल कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

अन्य खबरें