नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम ने मुस्तफाबाद के दयालपुर इलाके में हुई घटना के बाद अब तक 142 अवैध निर्माण की गई इमारतों की पहचान की है। इन इमारतों की संरचना व ढांचे में कमी पाई गई है। जिसमें से कुछ को तुरंत ठीक करने के निगम ने नोटिस चस्पा किए हैं। इमारतों को ठीक नहीं करने पर निगम इन इमारतों के ख़िलाफ़ सील करने की कार्रवाई करेगा।
साथ ही ख़तरनाक श्रेणी में आने वाली इमारतों के खिलाफ़ भी कार्रवाई करेगा। यह कुल 142 इमारतें दयालपुर नेहरू विहार में 32, ब्रिजपुरी 64 , सीलमपुर दिलशाद गार्डन में 30 और मौजपुर में ब्रह्मपुरी में 16 इमारतों की पहचान की गई। इसके अतिरिक्त दिल्ली के सभी जोन में अवैध रूप से पांच से छह मंजिला इमारतों और ख़तरनाक इमारतों का सर्वे को भी लगातार किया जा रहा है। निगम अधिकारी ने बताया कि आने वाले समय में और भी स्थानों पर निगम प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में निगम अधिकारियों ने बताया कि दयालपुर की दुखद घटना के बाद भवन विभाग और अन्य विभाग को उपायुक्त द्वारा सख़्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निगम द्वारा दिल्ली के सभी जोन में पांच से छह मंजिला अवैध रूप से बनाई गई इमारतों का सर्वे चल रहा है और इसमें ख़तरनाक इमारतों की भी पहचान कर रहे हैं।
दयालपुर में एक ख़तरनाक इमारत पर तोड़फोड़ की कार्रवाई भी की गई है। दयालपुर में ऐसी इमारतों की जिनकी विभिन्न पैमानों पर अवैध निर्मित और कमजोर संरचनात्मक ढांचे को लेकर पहचान की गई है। उन पर निगम की कार्रवाई और सर्वे जारी रहेगा। निगम अधिकारी ने कहा कि इन इमारतों को जल्द सील करने की कार्रवाई भी करेंगे।